टिहरी में ताइक्वांडो ग्रेडिंग सेमिनार, बच्चों ने दिखाया हुनर
टिहरी। देवभूमि आईटीएफयू ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से रविवार को बच्चों के लिए सेवन ग्रेडिंग एवं ब्लैक बेल्ट सेमिनार आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद आयोजित ग्रेडिंग परीक्षा में बच्चों ने शारीरिक दक्षता, आत्मरक्षा कौशल और ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। परीक्षा में फाइट के साथ साक्षात्कार भी लिया गया।
सीडीओ ने सफल प्रतिभागियों को ग्रीन और येलो बेल्ट प्रदान कर प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता में डीकेजी स्कूल ने प्रथम, आमपाटा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ने द्वितीय और हरियाणा स्टेट टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एसोसिएशन के निदेशक अशोक कुमार राठौर और सचिव अनुष्का खनका ने बताया कि जिले के 300 से अधिक विद्यालयों में बच्चों को ताइक्वांडो प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बालिकाओं सहित सभी बच्चों के लिए उपयोगी है।