बहुउद्देशीय शिविर में मौके पर सुलझाईं समस्याएं
पौड़ी। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को हल्दूखाता स्थित बोक्सा जनजाति बालिका विद्यालय में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को सेवाओं का लाभ पहुंचाया।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 20 लोगों को सब्जी के बीज, सात को कृषि यंत्र वितरित किए गए। दो लाभार्थियों को किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाया गया और 20 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए। अधिकांश समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने शेष समस्याओं को एक सप्ताह में हल करने के निर्देश दिए। बोक्सा जनजाति के प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने और बारातघर व छात्रावास के संचालन में उनकी भागीदारी बढ़ाने का सुझाव दिया।