परिवहन विभाग की कार्रवाई, 137 वाहनों के चालान, 22 बसें भी शामिल
हरिद्वार। सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर की गई कार्रवाई में कुल 137 चालान किए गए, जिनमें 22 बसों के चालान शामिल हैं। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 72 दोपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा और एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी और मुकेश भारती शामिल रहे। बसों की तकनीकी जांच में संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन ने भी प्रतिभाग किया। अभियान के दौरान लग्जरी और स्लीपर बसों के फिटनेस, परमिट, पंजीयन, बीमा, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरणों की जांच की गई। विभाग ने बस संचालकों को सभी जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा उपकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का नियमित उपयोग करने की अपील की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी रहेगी।