नशा मुक्ति अभियान के लिए आपसी समन्वय से करें कार्य: एडीएम
हरिद्वार। जनपद को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें। प्रतिबंधित तंबाकू, गुटखा और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री व तस्करी पर रोक लगाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन मैकेनिज्म (एनकॉर्ड) की बैठक में दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हुई बैठक में एडीएम ने सभी नशा मुक्ति केंद्रों का संबंधित विभागों से संयुक्त निरीक्षण कराने और वहां उपलब्ध सुविधाओं व निर्धारित मानकों की जांच करने को कहा। उन्होंने शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।