डेढ़ वर्ष से लापता युवती सहारनपुर से सकुशल बरामद, परिजनों से मिलाया

डेढ़ वर्ष से लापता युवती सहारनपुर से सकुशल बरामद, परिजनों से मिलाया


पौड़ी। कोटद्वार पुलिस ने डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लापता 24 वर्षीय युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवती 14 जनवरी 2025 को घर से बिना बताए चली गई थी। 20 जनवरी को उसकी मां ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। पंपलेट प्रसारित करने और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने दोबारा जांच तेज की और 24 अक्टूबर 2026 को युवती को सहारनपुर से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, युवती का सहारनपुर निवासी युवक से प्रेम प्रसंग था। उसने युवक से विवाह कर लिया था और उसके परिवार के साथ रह रही थी। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द किया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, हेड कांस्टेबल देवेंद्र भट्ट, कांस्टेबल रविंद्र भट्ट और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *