विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

श्रीनगर गढ़वाल। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत जनभागीदारी फॉर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह के दिशा-निर्देश में 30 से अधिक विद्यार्थियों ने डुंगरीपंथ, चमधार, कलियासौड़ और मां धारी देवी मंदिर परिसर के आसपास ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने एकल उपयोग प्लास्टिक से होने वाले नुकसान बताए और कपड़े के थैलों तथा पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को अपनाने की अपील की। हरेला और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने नियमित कूड़ा संग्रहण और उचित निस्तारण की व्यवस्था न होने से कचरा जलाने की मजबूरी बताई। साथ ही स्ट्रीट लाइट की समस्या भी उठाई। कार्यक्रम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।