बाघ के हमले में महिला की मौत पर गणेश गोदियाल ने जताया शोक, मुआवजे की मांग

बाघ के हमले में महिला की मौत पर गणेश गोदियाल ने जताया शोक, मुआवजे की मांग


पौड़ी गढ़वाल। बछेली ग्रामसभा में बाघ के हमले में महिला की मौत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि महिला की मौत अत्यंत दुखद और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत महिला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल सहित प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ग्रामीणों को खेती-बाड़ी, दैनिक कार्यों और मवेशियों की देखभाल के दौरान भी खतरे का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही वन विभाग और प्रशासन से बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण देना और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *