अवैध शराब ले जा रहा नेपाली युवक गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊखीमठ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। 16 सितंबर को पठालीधार-डूंगरसेमला मार्ग पर चोपता चौकी प्रभारी मनवर सिंह नेगी ने मोटरसाइकिल सवार दीपेन्द्र शाही निवासी कालीकोट, नेपाल की तलाशी ली। उसके कब्जे से 13 बोतल और आठ क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अभियान में कांस्टेबल जगदीश लाल और राकेश नेगी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।