आयुक्त गढ़वाल ने एसआईआर कार्यों का किया निरीक्षण

श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने मंगलवार को श्रीनगर के बूथ संख्या 136 में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति, प्राप्त प्रपत्रों, दावों एवं आपत्तियों की जानकारी ली। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और गंभीरता से संपादित की जाए। उन्होंने पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नूपुर वर्मा, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गायत्री बिष्ट, तहसीलदार दीपक भंडारी एवं बीएलओ रघुवर दत्त सेमवाल मौजूद रहे।