स्मार्ट मीटरों की जांच और विवादित बिजली बिलों पर रोक की मांग

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छैत्री के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर ऊर्जा विभाग के निदेशक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अचानक बढ़े विद्युत बिलों की शिकायतों को गंभीरता से उठाते हुए ’’स्मार्ट मीटरों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच’’ की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि जांच पूरी होने तक विवादित एवं गलत बिलों की वसूली पर रोक लगाई जाए तथा दोषपूर्ण मीटर तत्काल बदले जाएं। अतिरिक्त वसूली गई राशि का समायोजन अथवा भुगतान करने और बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की भी मांग की गई। रितेश छैत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए और शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।