विशेष लोक अदालत में आपसी सहमति से होगा विवादों का त्वरित निस्तारण

पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने बताया कि सर्वाेच्च न्यायालय में 21 से 23 अगस्त 2026 तक ’’समाधान समारोह विशेष लोक अदालत-2026’’ आयोजित होगी। इसमें लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण परिसर में छठी प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित कर पक्षकारों को लोक अदालत की प्रक्रिया, उद्देश्य और लाभों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि लोक अदालत कम समय, कम खर्च और सौहार्दपूर्ण तरीके से विवादों के समाधान का प्रभावी मंच है। बैठक में महेश बलूनी और गजेन्द्र सिंह रावत ने भी पक्षकारों से सुलह के माध्यम से मामलों का निस्तारण कराने की अपील की।