कांग्रेस ने किया कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के आवास का घेराव, पुलिस से हुई नोकझोंक

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राजकुमार,
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक से कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के आवास तक विरोध मार्च निकालकर घेराव का प्रयास किया। इस दौरान आवास के बाहर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई।अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए व्यवहार के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरी है और भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी का भी समर्थन मिला। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान और युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव ने संयुक्त बयान में कहा कि केंद्र सरकार किसान, नौजवान, छात्र और मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और विपक्षी नेताओं के साथ की गई कार्रवाई भी चिंताजनक है। प्रदर्शन में पूर्व पार्षद अशोक शर्मा, संजय पालीवाल, मुरली मनोहर, राजवीर चौहान, संतोष चौहान, प्रदीप चौधरी, दीक्षांत शर्मा, आदेश उपाध्याय, सिब्बू कश्यप, कामेश्वर यादव, गुलशन, रिहान कुरैशी सहित कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।