हरिद्वार को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने की कार्ययोजना पर किया मंथन

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में हरिद्वार को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के लिए तैयार जिला स्तरीय कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में कोई भी व्यक्ति मजबूरीवश भिक्षावृत्ति करने को विवश न हो, इसके लिए सर्वेक्षण कर जरूरतमंदों को आश्रय, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जोड़ा जाए।
उन्होंने मंदिरों, घाटों, बस अड्डों एवं रेलवे स्टेशन जैसे प्रमुख स्थलों पर भिक्षावृत्ति करने वालों का चिन्हीकरण कर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग पुनर्वास योजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में कौशल विकास, रोजगार उपलब्ध कराने, बाल भिक्षावृत्ति रोकने, जन-जागरूकता अभियान चलाने और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, समाज कल्याण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से अभियान संचालित करेंगे।