कुंभ-2027: मेलाधिकारी ने हर की पैड़ी और रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण

घाटों का निर्माण शुरू, धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित होगा आस्था पथ

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को हर की पैड़ी एवं रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में संचालित विभिन्न पुनर्विकास, आधारभूत संरचना एवं सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने रोड़ीबेलवाला, दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, आस्था पथ, एडमिन रोड, अलकनंदा घाट, भागीरथी घाट एवं शताब्दी पुल क्षेत्र का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाएं केवल मेले तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भविष्य के हरिद्वार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए घाटों और आस्था पथ पर बेहतर प्रवेश-निकास व्यवस्था, मजबूत रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जन सुविधाएं विकसित की जाएं। साथ ही मार्गों के सौंदर्यीकरण के लिए हरित पट्टियां विकसित करने और स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधारोपण करने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि हर की पैड़ी पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण परियोजना लगभग 66.77 करोड़ रुपये की लागत से छह हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में संचालित की जा रही है। इसके तहत घाटों के निर्माण एवं नवीनीकरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। परियोजना में वॉकवे निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने सहित कई कार्य शामिल हैं। वहीं रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास परियोजना लगभग 58.39 करोड़ रुपये की लागत से 45 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इसके अंतर्गत सड़क निर्माण, पार्किंग, वेंडिंग जोन, पैदल मार्ग, शौचालय एवं अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मेलाधिकारी ने धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *