धुमाकोट में भू-कानून उल्लंघन पर कार्रवाई, 27.5 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित

पौड़ी गढ़वाल। धुमाकोट तहसील क्षेत्र में भू-कानून के उल्लंघन के एक मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम ल्वींठा मल्ला की लगभग 27.5 नाली भूमि को राज्य सरकार में निहित कर उसका कब्जा प्राप्त कर लिया है। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक भूमि क्रय किए जाने का मामला सामने आया था।
राजस्व अभिलेखों की जांच और जिलाधिकारी न्यायालय में सुनवाई के बाद नियमानुसार भूमि को राज्य सरकार में निहित करने के आदेश जारी किए गए। प्रशासन ने संबंधित भूमि पर कब्जा भी ले लिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की सभी तहसीलों में भू-कानून से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा शर्तों के उल्लंघन, अवैध खरीद-फरोख्त, गलत भूमि उपयोग और अतिक्रमण के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।