छात्रों को मिलेंगे तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा के बेहतर अवसर: डॉ. धन सिंह

छात्रों को मिलेंगे तकनीकी व व्यावसायिक शिक्षा के बेहतर अवसर: डॉ. धन सिंह
 
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
 
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा विभाग ने शिक्षा को रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (डवन्) पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम एससीईआरटी सभागार में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। समझौतों के तहत इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड, काशीपुर तथा प्राविधिक शिक्षा विभाग उत्तराखंड के साथ साझेदारी की गई है।
डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उसे कौशल, तकनीक और रोजगार से जोड़ना है। प्राविधिक शिक्षा विभाग के साथ हुए समझौते के तहत राज्य के विद्यालयों को निकटवर्ती पॉलीटेक्निक संस्थानों से जोड़ा जाएगा, जिससे छात्रों को तकनीकी शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा। कक्षा 10 उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रथम वर्ष और कक्षा 12 उत्तीर्ण छात्रों को लेटरल एंट्री के माध्यम से डिप्लोमा द्वितीय वर्ष में प्रवेश की सुविधा मिलेगी।
वहीं इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड के साथ हुए समझौते के अंतर्गत कंपनी अपनी सीएसआर निधि से सरकारी विद्यालयों में आधारभूत ढांचे के विकास, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण के निर्माण में सहयोग करेगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग और संबंधित संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *