चित्रों और कहानियों के जरिए बच्चों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और डायट पौड़ी द्वारा तैयार की गई नशामुक्ति आधारित कॉमिक्स ’‘अनमोल जीवन’’ का शनिवार को विमोचन किया गया। इसके बाद जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच इसका वितरण शुरू किया गया। रंग-बिरंगे चित्रों और प्रेरक कहानियों से सजी इस कॉमिक्स का उद्देश्य बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कॉमिक्स में 10 प्रेरक कहानियां शामिल हैं, जिन्हें बच्चों की मनोवृत्ति और सामाजिक परिवेश को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें क्यूआर कोड के माध्यम से ई-बुक और वीडियो क्लिप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे सीखने की प्रक्रिया और अधिक रोचक बन सके। विद्यालयों में बच्चों ने कॉमिक्स को उत्साहपूर्वक पढ़ा और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। डायट के प्राचार्य स्वराज तोमर ने कहा कि बचपन से सही दिशा और सकारात्मक सोच विकसित करना नशामुक्त समाज की नींव है। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने इसे नई पीढ़ी को सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया। जिले के कई विद्यालयों में कॉमिक्स आधारित चर्चा और जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।