यमुनोत्री पैदल मार्ग पर जाम की खबरें भ्रामक
उत्तरकाशी। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भारी जाम और अव्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को प्रशासन ने भ्रामक बताया है। उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और मार्ग पर कहीं भी जाम जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो चार-पांच दिन पुराना है और उसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि यमुनोत्री पैदल मार्ग संकरा होने के कारण यहां पैदल यात्रियों के साथ घोड़े-खच्चर, डंडी और कंडी से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस समय-समय पर भीड़ को नियंत्रित करती है, जो यात्रा प्रबंधन का हिस्सा है।
प्रशासन ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।