मांसाहार की होम डिलीवरी और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने को लेकर श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी तथा नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाई है। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर इस संबंध में सख्त कार्रवाई की मांग की।
पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लागू म्युनिसिपल बायलॉज एवं धार्मिक मर्यादाओं के विपरीत विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियां मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी कर रही हैं, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी में मांसाहारी खाद्य पदार्थों की होम डिलीवरी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी चिंता जताते हुए कहा कि नशे की हालत में कुछ लोग धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों पर अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं, जिससे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि नशीले पदार्थों की बिक्री पर भी पूर्ण रोक लगाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धर्मनगरी की मर्यादा पर किसी भी प्रकार का आघात स्वीकार नहीं किया जाएगा।