यज्ञ-हवन व सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुआ शुभारंभ

हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) 28 मई से सरस्वती विद्या मंदिर, सेक्टर-2 रानीपुर, भेल में शुरू होगा। वर्ग प्रारंभ होने से पूर्व बुधवार को विद्यालय परिसर में यज्ञ-हवन, पूजन और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र और वर्ग सर्वाधिकारी प्रवीण जी ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वयंसेवकों ने 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया।
वर्ग कार्यवाह रमेश जी ने बताया कि 20 दिवसीय आवासीय वर्ग में उत्तराखंड के 13 जिलों से 385 शिक्षार्थी भाग लेंगे। वर्ग में शारीरिक, बौद्धिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग व्यक्ति निर्माण की प्रयोगशाला है और शताब्दी वर्ष में 5,000 प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।