गढ़वाल मंडल आयुक्त ने चारधाम यात्रा और जनसमस्याओं को दी प्राथमिकता

गढ़वाल मंडल आयुक्त ने चारधाम यात्रा और जनसमस्याओं को दी प्राथमिकता


पौड़ी। नवनियुक्त गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने सोमवार को मंडलीय आयुक्त कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यभार संभालने के बाद मंडलायुक्त ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर गढ़वाल मंडल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास योजनाओं एवं जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा को लेकर उन्होंने श्रद्धालुओं से अनिवार्य पंजीकरण कराने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
आनंद स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड केवल चारधाम तक सीमित नहीं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध प्रदेश है। उन्होंने पर्यटकों से अन्य पर्यटन स्थलों के भ्रमण की भी अपील की। साथ ही गुलदार की बढ़ती समस्या को गंभीर बताते हुए मानव-वन्यजीव संघर्ष के स्थायी समाधान खोजने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *