नगर पालिका की लापरवाही से बंद पड़े वाटर फिल्टर

उत्तरकाशी। नगर क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए वाटर फिल्टर बंद पड़े होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते अधिकांश वाटर फिल्टर केवल शोपीस बनकर रह गए हैं। चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में पहुंच रहे तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। गढ़वाल मंडल विकास निगम कार्यालय के सामने लगा वाटर फिल्टर भी कई महीनों से बंद पड़ा है और उसमें बिजली कनेक्शन तक नहीं है। लोगों ने कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर नाराजगी जताई है।