सहसपुर फैक्ट्री चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

सहसपुर फैक्ट्री चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / गजमफर अली,
देहरादून। सहसपुर क्षेत्र स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के विभिन्न कंपनियों के चोरी किए गए तार बरामद किए गए हैं।
19 मई 2026 को फैक्ट्री संचालक लकी राव ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि शंकरपुर स्थित उनकी फैक्ट्री से अज्ञात चोर कीमती तार चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की। लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने लक्ष्मीपुर क्षेत्र से इनाम, गुरदीप और मोहम्मद शौकीन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए तारों को कबाड़ी को बेचने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी इनाम और शौकीन पहले भी आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *