कैंसर पीड़ित विधवा सुनीता को जिला प्रशासन से बड़ी राहत, बच्चों की शिक्षा और उपचार को मिला सहारा

देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन देहरादून जरूरतमंद और असहाय परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में डोईवाला निवासी कैंसर पीड़ित विधवा महिला सुनीता कलवार को जिला प्रशासन ने आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा और उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है।
सुनीता कलवार ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी आर्थिक और पारिवारिक समस्याएं रखते हुए बताया था कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार के बीच बच्चों की पढ़ाई जारी रखना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल सहायता के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा रायफल क्लब फंड से सुनीता को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही उनके पुत्र का विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित कराया गया, जबकि पुत्री की बाधित शिक्षा को जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से पुनः शुरू कराया गया।
उल्लेखनीय है कि सुनीता का 11 जुलाई 2024 को जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन हुआ था और वर्तमान में उनका उपचार जारी है। उपचार के दौरान आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहे इस परिवार को जिला प्रशासन ने न केवल आर्थिक सहयोग दिया बल्कि भरोसे और संवेदनशील समर्थन का भी संबल प्रदान किया।
जिला प्रशासन द्वारा उपचार, शिक्षा, रोजगार, ऋण राहत और बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार मानवीय पहल की जा रही है। ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा को पुनर्जीवित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। प्रशासन की यह पहल जनकल्याण और संवेदनशील शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है।