जिलाधिकारी ने दिए नालों का गंदा पानी रोकने और घाटों की सफाई के निर्देश

हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मां गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में नालियों और गदेरों का गंदा पानी गंगा में न जाने पाए, इसके लिए संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करें।
घाटों पर कूड़ा-कचरा और कपड़े फेंकने पर रोक लगाने हेतु साइन बोर्ड लगाने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हरकी पौड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण और सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती बरतने को कहा गया। जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त घाटों के मरम्मत कार्य के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं और इच्छुक व्यक्तियों को जिला कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। साथ ही पुलों पर सुरक्षा जाल लगाने और सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।