महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, क्लाउड किचन प्रशिक्षण शुरू

हरिद्वार। जनपद में महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने क्लाउड किचन प्रशिक्षण की नई पहल शुरू की है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेटर सेंटर में दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि क्लाउड किचन के माध्यम से महिलाएं घर से ही व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार प्रदेश का पहला जनपद है, जहां जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं को इस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहले चरण में 25 महिलाएं प्रशिक्षण लेकर “गंगा रसोई” के नाम से अपना कार्य शुरू कर चुकी हैं। दूसरे चरण में जनपद के सभी विकास खंडों की 30 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और पंजाब नेशनल बैंक की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत किया जा रहा है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि प्रतिभागियों को उद्यम पंजीकरण, फूड लाइसेंस, वित्तीय सहायता सहित विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं उपस्थित रहीं।