“ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने जनपद के नगर और देहात क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में देर रात तक चले अभियान में संदिग्धों की जांच, गिरफ्तारी और चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 3 व्यक्तियों और चोरी की फिराक में घूम रहे 1 आरोपी को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अवैध शराब तस्करी में लिप्त 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब बरामद की गई। पुलिस ने देर रात तक 700 से अधिक लोगों से पूछताछ की, जिनमें से 96 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान कर जुर्माना वसूला गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 140 वाहन चालकों का चालान कर 73,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 46 वाहनों को सीज किया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। वहीं, पीजी/हॉस्टल और किरायेदार सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले 22 प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।