गुलदार के हमले में मासूम की मौत, पीड़ित परिवार से मिले गणेश गोदियाल

गुलदार के हमले में मासूम की मौत, पीड़ित परिवार से मिले गणेश गोदियाल


देहरादून/पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी के विकासखंड पोखड़ा के अंतर्गत ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार के हमले में एक मासूम बच्चे की मौत से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीवों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार और वन विभाग इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार चेतावनी के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिसके चलते ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन हमलों से आम लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि और बागवानी भी प्रभावित हो रही है। कई परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है, फिर भी सरकार की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। गोदियाल ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र में वन्यजीवों के आतंक पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि उनकी आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जाएगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता कबीन्द्र इस्टवाल, सुरेंद्र सिंह रावत, पूनम कैंत्यूरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *