मुख्य सचिव ने की कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न संगठनों एवं हितधारकों के साथ बैठक कर उनके सुझाव भी लिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला का आयोजन दिव्य और भव्य स्वरूप में होना चाहिए, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने हरिद्वार में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि खुदी हुई सड़कों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। अपर रोड का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने तथा शेष कार्य 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गंगा की स्वच्छता और अविरलता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में गंदा पानी गंगा में न जाए। सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ने और इसकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए पीएनजी कनेक्शन वितरण हेतु शिविर लगाने तथा सभी आश्रमों, धर्मशालाओं और होटलों से एक सप्ताह में आवेदन प्राप्त करने को कहा। विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने, खंभों को हटाने और वितरण बॉक्स को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए।
घाटों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को भी तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण शीघ्र पूरा करने, एडवांस लाइफ सपोर्ट और बोट एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक और पार्किंग योजना को लेकर उन्होंने सभी हितधारकों से सुझाव लेकर अंतिम रूप देने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। मुख्य सचिव ने सभी से समन्वय के साथ कार्य कर कुंभ को सफल बनाने का आह्वान किया।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने शहीद भगत सिंह घाट से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैंप क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप घाट निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप, चेंजिंग रूम और स्वच्छ प्रसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ‘ग्रीन घाट’ विकसित कर सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्होंने विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। हरिद्वार बाईपास और अन्य महत्वपूर्ण मार्गों को शीघ्र पूर्ण करने तथा एनएचएआई को साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने जलापूर्ति, विद्युत, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर आधुनिक तकनीक और एआई के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों को समर्पण के साथ कार्य करना होगा।