बैठक में की संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा

हरिद्वार। आकांक्षी जनपद एवं विकासखंड के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा के लिए विकास भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नीति आयोग, भारत सरकार के उप सचिव गौरव कटियार एवं कंसलटेंट अमितेश पांडेय ने की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार सहित जनपद के विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान अभियान के तहत चिन्हित इंडिकेटर्स की प्रगति और अब तक की गई गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि निर्धारित इंडिकेटर्स में से 8 को पूर्णतः संतृप्त किया जा चुका है, जबकि शेष को अप्रैल माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उप सचिव गौरव कटियार ने संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से लक्ष्य हासिल करने के निर्देश देते हुए सेवा वितरण एवं विकास संकेतकों में सुधार पर विशेष जोर दिया।