ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार

ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन विदेशी महिलाएं गिरफ्तार


देहरादून। राज्यभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्रैकडाउन” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्षेत्र में सघन सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें एक किर्गिस्तान और दो उज्बेकिस्तान की निवासी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को रायपुर पुलिस ने सांई कॉम्प्लेक्स स्थित एक फ्लैट में छापेमारी की। यहां तीनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थितियों में निवास करती मिलीं। वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकीं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम ईरीका (29 वर्ष, किर्गिस्तान), करीना (30 वर्ष, उज्बेकिस्तान) और निगोरा नीम (32 वर्ष, उज्बेकिस्तान) बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई पासबुक, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि ईरीका वर्ष 2023 में एक वर्ष के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं गई। वहीं, करीना और निगोरा नेपाल बॉर्डर के जरिए अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर रह रही थीं। तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां उन्होंने अपने परिचितों की मदद से फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाए। पुलिस के अनुसार, निगोरा को पहले भी बिहार पुलिस ने इसी तरह के मामले में गिरफ्तार किया था, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद वह फिर अवैध रूप से भारत में रह रही थी। तीनों के खिलाफ थाना रायपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *