सप्लाई चेन पर पौड़ी पुलिस की बड़ी चोट, नशा तस्कर जगत सिंह गिरफ्तार

सप्लाई चेन पर पौड़ी पुलिस की बड़ी चोट, नशा तस्कर जगत सिंह गिरफ्तार
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी गढ़वाल। ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थलीसैण क्षेत्र से नशा तस्कर जगत सिंह (57 वर्ष) को गिरफ्तार कर नशा आपूर्ति श्रृंखला पर प्रभावी चोट की है। यह कार्रवाई एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर व सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर की टीम ने ग्राम मंगरो में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, इससे पूर्व 12 मार्च 2026 को 89.81 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इस पूरे प्रकरण में अब तक मुख्य सप्लायर समेत कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *