मुख्यमंत्री ने रामनवमी पर कन्या पूजन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री ने रामनवमी पर कन्या पूजन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
 
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। रामनवमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कन्या पूजन कर देवी स्वरूपा बालिकाओं का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कन्याओं को भोजन कराया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा, समस्त प्रदेशवासियों को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव श्री रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन चरित्र हमें कर्तव्यनिष्ठा के साथ सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि सभी का जीवन सुख, समृद्धि एवं खुशहाली से परिपूर्ण हो तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा, आदर्शों और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को और अधिक सुदृढ़ करता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कन्या पूजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जो नारी सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

चैत्र नवरात्रि में भक्ति, शक्ति और आत्मविश्वास की नौ दिवसीय यात्रा सम्पन्न
देहरादून। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में भक्ति, शक्ति और आत्मविश्वास की नौ दिवसीय यात्रा भव्य रूप से सम्पन्न हुई। मां शैलपुत्री की आराधना से प्रारंभ इस आयोजन में जीवन में स्थिरता, संयम और शक्ति के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान 11 हजार कन्याओं का सामूहिक पूजन कर भारतीय संस्कृति में नारी को देवी स्वरूप मानने की परंपरा को सशक्त संदेश दिया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में कन्याओं का विधि-विधान से पांव प्रक्षालन, तिलक, मौली बंधन, चुनरी ओढ़ाकर, दक्षिणा और भेंट सामग्री देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
 

शक्ति पूजन, कन्या पूजन व भंडारे का आयोजन
 
 
 
श्रीनगर गढ़वाल। चैत्र नवरात्र के अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा श्रीनगर मंडल के कंसमर्दनी मंदिर में भव्य शक्ति पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट व जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी के नेतृत्व में मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन हुआ। इसके पश्चात कन्या पूजन कर बालिकाओं का तिलक, आरती व भोजन कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में आशा उपाध्याय, सीमा भंडारी, विशोदा देवी, राजलक्ष्मी, रेखा पटवाल सहित कई कार्यकर्ता व श्रद्धालु मौजूद रहे।
 

बधाणगढ़ी में नंदा अष्टमी पर दो दिवसीय भव्य मेला संपन्न

थराली। चैत्र नवरात्र के तहत सिद्धपीठ बधाणगढ़ी में नंदा अष्टमी के अवसर पर बुधवार व गुरुवार को दो दिवसीय भव्य मेले का आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान गढ़वाल व कुमाऊं मंडलों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने नंदा भगवती की पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं और पूर्ण होने पर विशेष अनुष्ठान कर आभार व्यक्त किया। मेला संचालन में मंदिर समिति के पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा, जबकि गौड़ ब्राह्मण पुजारियों ने विधिवत पूजा संपन्न करवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *