जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं को रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की-हरिद्वार-नजीबाबाद पर खराब स्ट्रीट लाइट को तत्काल ठीक करने और उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि, पीएमजेएसवाई एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चार धाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी मरम्मत कार्य पूर्ण कराए जाएं और किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके अलावा, ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर साइन बोर्ड लगाने और अतिक्रमण रोकने के भी आदेश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने हेतु परिवहन विभाग और पुलिस को सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि 1 जनवरी से फरवरी 2026 तक परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट 5558, ओवरलोडिंग 529, ओवरस्पीड 2544 और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4 वाहन चालकों का चालान किया गया। पुलिस विभाग ने बिना हेलमेट 1847, ओवरस्पीड 1595, ओवरलोडिंग 106, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 106, मोबाइल प्रयोग 173, सीट बेल्ट न पहनने वाले 84 और रेड लाइट जंप करने वाले 76 चालान किए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, एसपी क्राइम निशा यादव, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि डीके सिंह, दीपक कुमार, यूपीसीएल दीपक सैनी, राष्ट्रीय राजमार्ग सुरेश तोमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सुरक्षा एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।