गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग पर यूकेड़ी ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

देहरादून/सेलाकुई। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर सेलाकुई में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पछवादून जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सत्येंद्र चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
यूकेडी नेताओं ने आरोप लगाया कि गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन और तेज हो गया है। जिला अध्यक्ष जितेंद्र पंवार ने कहा कि सरकार गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र करते हुए पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।