चाय सुट्टा बार के बाहर मारपीट व हंगामा, दो अभियुक्त गिरफ्तार

देहरादून। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में चाय सुट्टा बार के बाहर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को वादी हिमांशु नेगी ने थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर देकर आरोप लगाया कि साहिल, सक्षम और अन्य तीन व्यक्तियों ने चाय सुट्टा बार के बाहर उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में मु0अ0सं0-18/2026 धारा 115(2)/351(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थानाध्यक्ष क्लेमेंटाउन ने पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने सुरागरसी और पतारसी कर साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर मंगलवार को प्रकाश में आए दो अभियुक्तों सक्षम पुत्र पंकज कुमार मिश्रा गौर (निवासी मोहनपुर, शाहजहांपुर, उप्र, उम्र 25 वर्ष) तथा शाहील पुत्र अजय कुमार (निवासी आलोक विहार-02, सेक्टर 50, नोएडा, उम्र 21 वर्ष)कृको धारा 170/135/126 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हिमांशु नेगी उनकी महिला मित्र को घुमाने ले जाता था, जिससे नाराज होकर उन्होंने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई और मारपीट की। पुलिस टीम में उ0नि0 गिरीश चन्द्र बडोनी, कांस्टेबल राजीव कुमार और कांस्टेबल कैलाश पंवार शामिल रहे।