बच्चे को उठा ले गया गुलदार, कई घंटे बाद मिला बच्चे का शव,

7 टीमों के सघन रेस्क्यू अभियान के बाद मिली सफलता


रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी क्षेत्र (छिनका, नगरासू) में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को उठाकर ले जाने की दर्दनाक घटना के बाद जिला प्रशासन, वन विभाग एवं आपदा प्रबंधन की टीमों द्वारा चलाया गया सघन सर्च अभियान देर रात सफल रहा। रात्रि लगभग 11 बजे बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
बता दें कि देररात गुलदार ने हेमंत बिष्ट के 5 वर्षीय बेटे दक्ष पर हमला बोल दिया, उसके बाद गुलदार दक्ष को मुंह में दबाकर जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशन एवं एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी के नेतृत्व में कुल 07 अलग-अलग टीमों ने संयुक्त रूप से गहन तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान में वन विभाग की 3 टीमें (कुल 20 कर्मी), डीडीआरएफ की 2 टीमें, एसडीआरएफ की 1 टीम, पुलिस तथा जिला प्रशासन की टीमें शामिल रहीं। डीडीआरएफ व एसडीआरएफ के कुल 14 जवान, जिला प्रशासन के 6 कर्मी एवं पुलिस बल लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे रहे।
घटनास्थल पर स्वयं एसडीएम रुद्रप्रयाग, डीडीएमओ, एसडीओ वन विभाग, कोतवाली प्रभारी एवं जिला सूचना अधिकारी मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करते रहे। एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुलदार के संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीणों की राय के अनुसार विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पिंजरे लगाए जाएंगे तथा वन विभाग की गश्ती टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी रखेंगी। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने भी पूरे घटनाक्रम की समीक्षा करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।


मृतक बच्चे के परिजनों से मिले जिलाधिकारी

रुद्रप्रयाग। सिंद्रवाणी (छिनका नगरासू) में गुलदार के हमले से मृत पांच वर्षीय बालक के परिजनों से जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है। जिलाधिकारी ने मृतक की माता को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पीएम आवास योजना का लाभ, बहनों को छात्रवृत्ति तथा दादा-दादी को वृद्धावस्था पेंशन देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *