जनभागीदारी से सतत सामाजिक आंदोलन बनेगा स्वच्छता अभियान

पौड़ी/श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में 26 जनवरी से 26 फरवरी 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से सतत सामाजिक आंदोलन बनाना है। अब तक लगभग 2100 किलोग्राम प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट एकत्रित किए गए हैं।
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकत्रियों द्वारा दैनिक सफाई और स्वच्छता की शपथ दिलाई जा रही है। बाल विकास परियोजना कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। ग्रामवासियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय कर्मचारियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, बस अड्डों और आवासीय क्षेत्रों की नियमित सफाई की जा रही है। कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक उपयोग में कमी और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाई जा रही है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को स्थायी आदत बनाना और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।