श्री राधा रमण लाल के वार्षिकोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा

हरिद्वार। उपनगरी ज्वालापुर स्थित धीरवाली में श्री राधा रमण लाल के 22वें वार्षिकोत्सव पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वर महाराज और समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग ने संयुक्त रूप से किया।
भजन सम्राट कुलदीप कृष्ण चौहान ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भजन हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा हैं और युवा पीढ़ी को भजनों के माध्यम से अपनी जड़ों को पहचानना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि पंडित अधीर कौशिक को संत महापुरुषों की उपस्थिति में शीघ्र ही ’ब्रह्मऋषि’ की उपाधि दी जाएगी। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि भजन और परंपराएं समाज में संस्कार और एकता का भाव जगाती हैं। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु सम्मिलित हुए।