मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए दी 100 करोड़ रुपये स्वीकृति
देहरादून/टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद देहरादून और टिहरी गढ़वाल में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 100 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के मिट्ठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक और परवल से विज्ञान धाम झाजरा तक मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 12.3 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है।
राज्य योजना के अंतर्गत कैन्ट विधानसभा क्षेत्र के वसंत विहार सोसाइटी और आंतरिक मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा केशवरोड़, नेशनल रोड, शिव कॉलोनी, द्रोणपुरी, प्रेमनगर चुंगी से मोहनपुर पावर हाउस तक मिलन विहार, रजत एन्कलेव और पार्क रोड के आंतरिक मार्गों के सुधार कार्य के लिए 3.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जिला कारागार, हरिद्वार में बैरक सं. 01, 02, 06 के प्रथम तल पर नए बैरक निर्माण हेतु 4.91 करोड़ रुपये और महिला बैरक के प्रथम तल पर नया बैरक निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
टिहरी गढ़वाल में आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सालयों के निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मोल्यासेरा 2.89 करोड़ रुपये और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बंगियाल 2.5 करोड़ रुपये इसके अतिरिक्त, विश्व बैंक पोषित अर्द्धनगरीय क्षेत्रों हेतु उत्तराखण्ड पेयजल कार्यक्रम के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व मद में 7 करोड़ और पूंजीगत मद में 67 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन प्रदान किया गया। इस स्वीकृति से सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और कारागार निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति मिलेगी।