संस्कृत गान प्रतियोगिता में रेनबो प्ले एंड प्राइमरी स्कूल की छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी,उत्तराखंड सरकार द्वारा पौड़ी गढ़वाल जनपद में बाल वर्ग हेतु ऑनलाइन संस्कृत गान प्रतियोगिता का आयोजन 31 जुलाई से 10 अगस्त 2025 तक किया गया। इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रेनबो प्ले एंड प्राइमरी स्कूल,श्रीनगर गढ़वाल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया। विद्यालय की होनहार छात्रा समृद्धि मैठाणी ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके लिए उन्हें सम्मानस्वरूप 3100 रुपए की धनराशि प्रदान की गई। वहीं इसी विद्यालय की एक अन्य प्रतिभाशाली छात्रा अनुश्री डंगवाल ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पंचम स्थान हासिल किया,जिन्हें 1000 रुपए की धनराशि देकर सम्मानित किया गया।विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में छात्राओं की इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमन थपलियाल ने छात्राओं की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों का संस्कृत गान जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाना उनके आत्मविश्वास और मनोबल को मजबूत करने के साथ-साथ संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव भी बढ़ाता है।प्रधानाचार्य ने बताया कि विद्यालय निरंतर छात्रों को इस प्रकार की गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करता है और भविष्य में भी ऐसे मंचों पर बच्चों की प्रतिभा निखर कर सामने आती रहेगी।