पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 36 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

पौड़ी। जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान एवं ’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में कोटद्वार पुलिस एवं सीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर, क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कौड़िया रेलवे फाटक से कौड़िया कैंप की ओर मजार गेट के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से कुल 120 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल (21) पुत्र मांगा हसन और साहिब (20) पुत्र कय्यूम, निवासी धनपुरा थाना पथरी, हरिद्वार शामिल हैं। दोनों के पास से 60-60 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा सहित पुलिस टीम शामिल रही।