शिविर में राज्यमंत्री ने समस्याएं सुन दिए निस्तारण के निर्देश

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर मंगलवार को नगर पंचायत पिरान कलियर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। लगभग 450 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 117 पात्र व्यक्तियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शेष छह शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं। राज्य मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।