लक्सर की दो ग्राम पंचायतों में उपचुनाव संपन्न, रितु और रेखा रानी बनीं प्रधान

लक्सर। लक्सर विकासखंड की रायसी और अकौढ़ा खुर्द ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। बुधवार को हुई मतगणना में रायसी से रितु रानी और अकौढ़ा खुर्द से रेखा रानी विजयी घोषित हुईं। जीत के बाद समर्थकों ने दोनों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।
रायसी में पूर्व प्रधान के सरकारी नौकरी लगने के बाद इस्तीफा देने से पद रिक्त हुआ था। वहीं, अकौढ़ा खुर्द में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते प्रधान को बर्खास्त किए जाने के बाद सीट खाली थी। दोनों पंचायतों में मंगलवार को मतदान हुआ था, जबकि बुधवार को मतगणना कराई गई। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विजयी प्रत्याशियों को जीत के प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए हैं।