भूमि धोखाधड़ी में दो साल से फरार आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

देहरादून। विकासनगर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का मुख्तारनामा तैयार कर रजिस्ट्री कराने के मामले में दो साल से फरार चल रहे आरोपी को दून पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उदित कुमार वर्मा (33), निवासी मंडी क्षेत्र, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अरुण कुमार ने 28 जून 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनका फर्जी आधार कार्ड तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को उनके स्थान पर खड़ा करके भूमि का फर्जी मुख्तारनामा बनवाया और जमीन बेच दी। मामले में विकासनगर कोतवाली में धोखाधड़ी और कूटरचना सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड में इस्तेमाल फोटो की पहचान के लिए नेटग्रिड पोर्टल की मदद ली। प्राप्त जानकारी और सत्यापन के बाद आरोपी की पहचान उदित कुमार वर्मा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने 13 अक्टूबर 2026 को उसे सहारनपुर के मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर गुरुबचन सिंह और अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में फर्जी मुख्तारनामे के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई थी। कार्रवाई में विकासनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा और हेड कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।