वशीकरण के नाम पर 100 से अधिक लोगों से ठगी का आरोप, दो गिरफ्तार

देहरादून। वशीकरण और तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याएं दूर करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोप में दून पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न नामों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में 100 से अधिक लोगों से ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली कि चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में दो संदिग्ध युवक किराये पर रह रहे हैं और फर्जी दस्तावेजों से बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम प्राप्त कर रहे हैं। पुलिस टीम ने छापेमारी कर सलमान (24) निवासी शामली और शाहरुख (26) निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को वशीकरण विशेषज्ञ, ज्योतिषाचार्य और तांत्रिक बताकर विज्ञापन प्रसारित करते थे। वे लोगों की पारिवारिक और अन्य समस्याएं दूर करने का झांसा देकर उनसे पैसे लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने तथा अन्य व्यक्तियों के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाते खुलवाए थे।
आधार, एटीएम सहित अन्य दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, दो भरे हुए चेक और एक सिम कार्ड सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पटेलनगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ठगी की रकम के लेन-देन और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।