गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान में विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के वानिकी एवं प्राकृतिक संसाधन विभाग के एमएससी वानिकी तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान में स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने ट्रेकिंग के दौरान मार्ग में बिखरे प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
भ्रमण में विद्यार्थियों ने हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान का दौरा कर जिपलाइनिंग जैसी साहसिक गतिविधि में भी भाग लिया। प्राध्यापक डॉ. एलएस कंडारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था। विद्यार्थियों ने संरक्षित क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रदूषण रोकने और प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी का संदेश दिया।