केदारनाथ हेली सेवाओं का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं में सुधार के निर्देश

केदारनाथ हेली सेवाओं का औचक निरीक्षण, यात्री सुविधाओं में सुधार के निर्देश


रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद में संचालित हेली सेवाओं के हेलीपैड और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान यात्री सुविधाओं, टिकट बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी ने चिप्सन एविएशन के जाखधार हेलीपैड, जबकि संबंधित तहसीलदारों ने ट्रांस भारत एविएशन, थंबी एविएशन और एरो एयरक्राफ्ट के हेलीपैड व कार्यालयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान हेली कंपनियों के प्रतीक्षा कक्षों में बुकिंग के अनुरूप पर्याप्त व्यवस्थाओं का अभाव मिला। हालांकि, टिकटों की कालाबाजारी या बाहरी व्यक्तियों द्वारा अवैध बिक्री का मामला सामने नहीं आया। यात्री विवरण पंजिका में यात्रियों की जानकारी दर्ज मिली। अधिकारियों ने टिकट वितरण पर लगातार निगरानी रखने, अनियमितताओं पर कार्रवाई करने और मौसम के कारण समय बदलने पर टिकट प्रतिस्थापन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही हेलीपैड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *