नाबार्ड का दो दिवसीय ‘’सेब महोत्सव 3.0’’ संपन्न, 2,400 किलो सेब और 700 किलो कीवी की बिक्री

नाबार्ड का दो दिवसीय ‘’सेब महोत्सव 3.0’’ संपन्न, 2,400 किलो सेब और 700 किलो कीवी की बिक्री


देहरादून। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘सेब महोत्सव 3.0’ शुक्रवार को संपन्न हो गया। 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित महोत्सव में लगभग 2,400 किलोग्राम सेब और 700 किलोग्राम कीवी की बिक्री हुई। इसके साथ ही हथकरघा, डेयरी और भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैगयुक्त उत्पादों को भी बाजार मिला।
इस दौरान नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक पंकज यादव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के सचिव एसएन पाण्डेय और भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक हर्ष कुमार गौतम सहित विभिन्न बैंकों और सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नाबार्ड की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं की जागरूकता बढ़ने के साथ किसानों की आय संवर्धन को भी प्रोत्साहन मिलता है। नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक पंकज यादव ने कृषि, ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन, जनजातीय विकास, जलवायु-अनुकूल कृषि और किसान उत्पादक संगठनों को दिए जा रहे सहयोग की जानकारी दी।
महोत्सव के दौरान मुख्य सचिव ने नाबार्ड और उत्तराखंड सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) की संभावनाओं पर विचार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे विकासात्मक परियोजनाओं में विभागीय समन्वय और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। महोत्सव में किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और जनजातीय विकास निधि परियोजनाओं के लाभार्थियों को अपने उत्पादों की बिक्री का अवसर मिला। आयोजन ने ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *