विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है युवा संगम: आरती

विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है युवा संगम: आरती


श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत युवा संगम चरण-7 के तहत पश्चिम बंगाल से आए युवा प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंगलवार को चौरास परिसर स्थित एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता कार्यवाहक कुलपति प्रो. नारायण सिंह पंवार ने की। अतिथियों ने प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक स्वागत कर स्मृति चिह्न और आवश्यक सामग्री भेंट की। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि युवा संगम विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यवाहक कुलपति ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का समन्वय युवाओं में राष्ट्रीय चेतना तथा व्यापक दृष्टिकोण विकसित करता है। राज्य नोडल अधिकारी प्रो. महावीर सिंह नेगी ने बताया कि उत्तराखंड का प्रतिनिधिमंडल पहले पश्चिम बंगाल का भ्रमण कर चुका है। अब बंगाल के युवा उत्तराखंड की सांस्कृतिक, शैक्षणिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित होंगे। कुलसचिव प्रो. वाई.पी. रैवानी ने इसे विविधता में एकता को मजबूत करने वाली पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *